Sunday, August 30, 2026
HomeHaryanaनई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया में मुख्यमंत्री...

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत

दिल्ली /हरियाणा, 30 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कलाकारों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा भारतीय सिनेमा की नई ताकत बनकर उभरा है। भाषा अब दीवार नहीं रही है। एक अच्छी कहानी हर भाषा की सीमा को पार कर सकती है और आज अच्छी कहानी पूरी दुनिया देख सकती है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को हरियाणा में फिल्म शूट करने का आमंत्रण देते हुए कहा कि आप हरियाणा आएं, हम आपको शूटिंग लोकेशन के साथ-साथ पूरा सहयोग भी देंगे। इस अवसर पर उन्होंने मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस की भी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म एक्सपो की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक्सपो केवल भारत की प्रतिभा का ही नहीं, बल्कि भारत की रचनात्मक शक्ति और संस्कृति का भी उत्सव है। यह उस भारत का उत्सव है, जो अपनी कहानियां खुद लिख रहा है और इन कहानियों को पूरी दुनिया तक पहुंचा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस फिल्म एक्सपो में कैमरा, निर्माता, निर्देशक, कलाकार और लेखक सभी मौजूद हैं, जो महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हमारे लिए यह गर्व की बात है कि हमारे पास दुनिया की सबसे महान कहानियां हैं। इसी धरती ने हमें रामायण दी, इसी भूमि ने महाभारत दी और इसी पवित्र धरती ने कृष्ण लीला दी। इसी धरती ने वीरों के बलिदान की गाथाएं भी दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने फिल्म एवं मनोरंजन नीति-2022 लागू करके राज्य में फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल और फिल्म-फ्रेंडली माहौल तैयार किया है। राज्य सरकार हरियाणा में फिल्म शूट करने पर 2 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दे रही है।

सिनेमा समाज का आईना है

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे देश में सिनेमा कभी भी केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा। सिनेमा समाज का आईना भी है और समाज को नई दिशा दिखाने वाली शक्ति भी है। युवा पीढ़ी के विचारों और आकांक्षाओं को प्रभावित करने की जितनी शक्ति सिनेमा में है, उतनी बहुत कम माध्यमों में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1913 में दादा साहेब फाल्के की ‘राजा हरिश्चंद्र’ से शुरू हुई भारतीय सिनेमा की यात्रा आज तकनीक और वैश्विक पहुंच के एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है। भारत दुनिया में सबसे अधिक फिल्में बनाने वाले देशों में शामिल है और हमारी ताकत केवल हिंदी सिनेमा नहीं, बल्कि हमारी भाषाई और सांस्कृतिक विविधता भी है।

भारत के पास हजारों वर्षों की सभ्यता, लोक कथाएं, महाकाव्य, वीरता की गाथाएं, गांवों की चौपालों की कहानियां, जनजातीय परंपराएं, विभिन्न भाषाएं और अनगिनत बोलियां हैं। उन्होंने कहा कि अब आवश्यकता है कि भारत की कहानी, भारत की आवाज में, भारत की प्रतिभा और आधुनिक तकनीक के साथ पूरी दुनिया तक पहुंचे। इसी दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘Creators in India, Create for the World’ (भारत में सृजन करें, दुनिया के लिए सृजन करें’) का विजन दिया है।

तकनीक के साथ मानवीय संवेदनाओं और संस्कृति को न छोड़ें

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म एक्सपो इंडिया की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन वास्तव में फिल्म निर्माण के पूरे इको-सिस्टम को एक मंच पर लाने का अनूठा प्रयास है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया का मनोरंजन उद्योग तेजी से बदल रहा है। एक समय था जब कहानी कागज पर लिखी जाती थी, कैमरे पर शूट होती थी और सिनेमा हॉल तक पहुंचती थी। आज उसी कहानी के साथ एआई, वीएफएक्स, एनीमेशन, गेमिंग, वर्चुअल प्रोडक्शन, एक्सटेंडेड रियलिटी और ओटीटी जैसे नए माध्यम जुड़ गए हैं। अब कैमरे के सामने खड़ा कलाकार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण कंप्यूटर के सामने बैठा वह युवा भी है, जो अपनी तकनीकी प्रतिभा से कल्पना की दुनिया को स्क्रीन पर जीवंत करता है।

उन्होंने कहा कि भविष्य का सफल फिल्मकार वही होगा, जो नई तकनीक को खुले मन से अपनाएगा, लेकिन अपनी मानवीय संवेदनाओं और सांस्कृतिक जड़ों को कभी नहीं छोड़ेगा। फिल्म कलाकार मुकेश ऋषि ने हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और फिल्मों को लेकर बनाई गई नीतियों के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा की।

फिल्म कलाकार प्रीति सपरू ने भी सिने आर्टिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट और फिल्म एक्सपो के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर फिल्म कलाकार बिंदू दारा सिंह, निर्देशक ज्योति यादव, कलाकार पुनीत ईसर और बलवीर सिंह रंधावा मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments