हरियाणा/ रायपुर, 4 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पंजाब के रायपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब अमर शहीद बीबी शरण कौर जी में माथा टेका और महान शहीद बीबी शरण कौर जी की शहादत को कोटि-कोटि नमन किया। इसके बाद उन्होंने लखनो में प्राचीन शिव मंदिर, डेरा बाबा उनेद गिरी जी में भगवान भोलेनाथ के चरणों में शीश नवाकर पंजाब, हरियाणा सहित पूरे देश की सुख-शांति, खुशहाली और चढ़दी कला की कामना की।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीबी शरण कौर जी का जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से पीछे न हटना और मानवता की सेवा के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर देना ही असली बहादुरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास और महान शहीदों के जीवन से प्रेरणा लें तथा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल और राष्ट्र निर्माण से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव भारतीय संस्कृति में त्याग, शक्ति, संयम और मानवता के प्रतीक हैं। नीलकंठ के रूप में भगवान शिव ने स्वयं विष धारण कर संसार की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन परंपरा हमें सिखाती है कि अपने हित से पहले समाज और राष्ट्रहित तथा अपने सुख से पहले मानवता के कल्याण की चिंता करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल पड़ोसी राज्यों का नहीं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति, संस्कारों और भाईचारे का रिश्ता है। पंजाब की धरती पर आकर उन्हें हमेशा अपने परिवार के बीच होने का एहसास होता है। उन्होंने कहा कि गुरुओं, संतों और महापुरुषों की शिक्षाएं हमें सेवा, त्याग, साहस, सत्य और मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाती हैं।
उन्होंने कहा कि आज विकास और तकनीक के साथ-साथ समाज में संस्कार, संवेदना और सेवा की भावना को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से समाज में भाईचारा बनाए रखने, जरूरतमंदों की मदद करने, बेटियों का सम्मान करने, पर्यावरण की रक्षा करने और हर शुभ अवसर पर पौधा लगाने का आह्वान किया।
हर नागरिक को विकसित भारत संकल्प में निभानी होगी अपनी भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प की पूर्ति के लिए किसान, युवा, विद्यार्थी, उद्यमी और हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने, युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर देने, किसानों को मजबूत करने तथा महिलाओं और गरीबों के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनसेवा ही सरकार की सबसे बड़ी पूजा है और अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सुशासन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर समाज में दूरी पैदा करने वाली सोच से ऊपर उठकर एकजुटता और सद्भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाज एकजुट होगा तो प्रदेश आगे बढ़ेगा और भारत एकजुट होगा तो दुनिया की कोई ताकत हमें विकसित राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकती। उन्होंने दोनों पावन स्थलों से लोगों को नशामुक्त, शिक्षित, संस्कारित, पर्यावरण-संवेदनशील और मजबूत समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।





