शिमला, 6 सितंबर 2026 (प्रभजोत सिंह): हिमाचल प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के 44 होनहार बीटेक विद्यार्थी आज जापान इंटरनेशनल एक्सपोजर टूर-2026 के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के विदेशी दौरे युवाओं को नई तकनीकों और वैश्विक स्तर की प्रणालियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह दौरा 6 से 12 सितंबर तक होगा। विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूर है। इससे पहले आईटीआई विद्यार्थियों के लिए कजाकिस्तान का दौरा आयोजित किया गया था। इस बार जापान जाने वाले 44 विद्यार्थियों में 24 लड़के और 20 लड़कियां शामिल हैं। दौरे के दौरान विद्यार्थी टोक्यो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी, जाक्सा सुकुबा स्पेस सेंटर, साइबरडाइन रोबोटिक्स स्टूडियो, जेएएल एयरोस्पेस फैक्ट्री, क्योसेरा फैक्ट्री सहित ओसाका की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन और आधुनिक परिवहन प्रणालियों के बारे में व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे जापान की अनुशासन प्रणाली, विरासत, कार्य संस्कृति और तकनीकी वातावरण को भी करीब से समझ सकेंगे।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कौशल शिक्षा से लेकर उच्च तकनीकी शिक्षा तक विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थियों को पहले कंबोडिया भेजा गया था, जबकि आईटीआई विद्यार्थियों के लिए कजाकिस्तान का दौरा आयोजित किया गया। मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी विदेशी एक्सपोजर टूर पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जापान भूकंप प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद तकनीक और विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इस दौरे से नए अनुभव, ज्ञान और आत्मविश्वास लेकर वापस लौटेंगे।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि जापान का दौरा विद्यार्थियों के लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव होगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया गया है और प्रदेश के पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों से लगभग 650 आवेदन प्राप्त हुए थे।
उन्होंने कहा कि जापान तकनीक के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अग्रणी है और विद्यार्थी वहां से आधुनिक तकनीक के साथ-साथ अनुशासन तथा सामाजिक मूल्यों के बारे में भी सीखेंगे।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अभिषेक जैन भी उपस्थित थे।






