Wednesday, September 30, 2026
HomePunjabजिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसानों की सुविधा और फसल की सुचारू...

जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसानों की सुविधा और फसल की सुचारू खरीद : डिप्टी कमिश्नर

फतेहगढ़ साहिब, 30 सितंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने कहा है कि धान का एक-एक दाना प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाएगा। स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में धान की सरकारी खरीद सुचारू और निर्बाध तरीके से करवाने के लिए शेलर मालिकों तथा आढ़ती एसोसिएशन के साथ बैठक करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों की फसल की उचित एवं निर्बाध खरीद के लिए सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने आढ़तियों से अपने साथ जुड़े किसानों को सूखा धान मंडियों में लाने के लिए प्रेरित करने को कहा। साथ ही किसानों से धान की पराली और अन्य फसल अवशेषों को आग न लगाने की अपील की।

डॉ. सोना थिंद ने बताया कि मंडियों में किसान भाइयों के साथ-साथ आढ़तियों और मजदूरों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसानों की सुविधा और उनकी फसल की सुचारू खरीद है। इसलिए सभी आढ़ती धान के सीजन के दौरान फसल की निर्बाध खरीद के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आढ़ती किसानों को प्रेरित करें कि वे अधिक नमी वाला धान मंडियों में न लाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी कंबाइन मालिक रात के समय धान की कटाई नहीं करेगा और निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही दिन के समय धान की कटाई की जाएगी।

डिप्टी कमिश्नर ने आढ़तियों द्वारा मंडियों से संबंधित तथा अन्य मुद्दे सुने और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने पिछले सीजन में दिए गए सहयोग के लिए आढ़तियों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन फसल की खरीद को सुचारू ढंग से करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

डिप्टी कमिश्नर ने जिला मंडी अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडी में साफ-सफाई, नमी जांचने वाले मीटरों की कैलिब्रेशन, बारदाना, ढुलाई, मजदूर, किसानों के लिए पीने का पानी और शौचालय, सुरक्षा सहित हर प्रकार के प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी फसल का एक-एक दाना समय पर खरीदा जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान की तत्काल खरीद के लिए केवल सूखा धान ही मंडियों में लाएं और पराली तथा अन्य फसल अवशेषों को आग लगाने से बचें।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरबीर कौर भुल्लर, एसडीएम फतेहगढ़ साहिब करुण गुप्ता, एसडीएम बस्सी पठाना दीपजोत कौर, एसडीएम अमलोह हरवीर कौर, एसडीएम खमाणों अरविंद कुमार गुप्ता, मुख्य कृषि अधिकारी जगदेव सिंह, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मीनाक्षी, जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी जसप्रीत कौर, आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष साधू राम भट्टमाजरा, राज्य प्रेस सचिव आढ़ती एसोसिएशन राजेश सिंगला, तरसेम लाल उप्पल, केवल सिंह भुल्लर, राजेश उप्पल, कुलदीप सिंह सौंढा सहित आढ़ती एसोसिएशनों के अध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments