Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaकांग्रेस का प्रदर्शन महज राजनीतिक ड्रामेबाजी : प्रवीन जोड़ा

कांग्रेस का प्रदर्शन महज राजनीतिक ड्रामेबाजी : प्रवीन जोड़ा

फतेहाबाद 8 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा):  कांग्रेस द्वारा देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने तथा काला दिवस मनाने की घोषणा पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर महज राजनीतिक ड्रामेबाजी करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए आए दिन नए-नए मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने करीब 55 वर्षों तक देश पर शासन किया और जिसके शासनकाल में देश को आपातकाल का काला दौर भी देखना पड़ा, वही कांग्रेस आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार और लगातार घटते जनाधार से बौखलाई कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के पास जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने के बजाय केंद्र सरकार और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के अलावा कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी से न तो लोकतंत्र मजबूत होगा और न ही कांग्रेस को जनता का विश्वास हासिल होगा।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्थाओं और शांतिपूर्ण राजनीतिक अभिव्यक्ति का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक नौटंकी छोड़कर जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। देश की जागरूक जनता कांग्रेस की ऐसी राजनीतिक ड्रामेबाजी को भलीभांति समझती है और समय आने पर इसका जवाब भी देती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments