Saturday, October 10, 2026
HomePatialaकोविड के दौरान लोगों की जान बचाने में कोरोना वॉरियर्स का योगदान...

कोविड के दौरान लोगों की जान बचाने में कोरोना वॉरियर्स का योगदान भुलाया नहीं जा सकता: डॉ. बलबीर सिंह

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने 80 कोरोना वॉरियर्स को नर्सिंग स्टाफ के रूप में नियुक्ति पत्र सौंपे कहा, भगवंत मान सरकार बेहतर उपचार सुविधाओं के लिए पंजाब के सभी जिलों में स्थापित कर रही क्रिटिकल केयर ब्लॉक
पटियाला, 8 अक्टूबर 2026 (जगजीत सिंह): पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में बनाया जा रहा क्रिटिकल केयर ब्लॉक नवंबर महीने में मरीजों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के शेष 22 जिलों में भी क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
डॉ. बलबीर सिंह ने आज सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला में कोविड-19 महामारी के दौरान अमृतसर, फरीदकोट और पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं देने वाले 80 कोरोना वॉरियर्स को नर्सिंग स्टाफ के रूप में नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने बताया कि इनमें से 60 नर्सिंग कर्मचारी राजिंदरा अस्पताल के क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 20 डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स मोहाली) में सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि इन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा राज्य में स्थापित किए जा रहे क्रिटिकल केयर ब्लॉकों में कोरोना वॉरियर्स और कोविड वॉलंटियर्स की सेवाएं ली जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अब तक राज्य में लगभग 70 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिनमें से करीब 10 हजार भर्तियां स्वास्थ्य विभाग में की गई हैं।
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा करने वाले कोरोना वॉरियर्स को नर्सिंग स्टाफ के रूप में नियुक्त करना मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की इच्छा थी। इन कोरोना वॉरियर्स ने महामारी के कठिन दौर में मरीजों की देखभाल करने और लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार इन कोरोना वॉरियर्स को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता निभा रही है, क्योंकि उनकी मेहनत और समर्पण को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कोविड वॉलंटियर्स से भी सरकार के साथ बातचीत के माध्यम से अपने मुद्दे का समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दे रही है। सरकारी अस्पतालों का कायाकल्प करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जो पंजाबवासियों के लिए लाभदायक साबित हो रही हैं।
इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने महिला एवं पुरुष नर्सिंग कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें बधाई दी और अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने उन्हें आगे बढ़ने और अपनी योग्यता साबित करने का अवसर दिया है।
इस अवसर पर नवनियुक्त नर्सिंग स्टाफ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक काफी संघर्ष किया, लेकिन भगवंत मान सरकार ने ही उनका साथ दिया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, डॉ. अवनीश कुमार, डॉ. भगवंत सिंह, सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला के निदेशक-प्रिंसिपल डॉ. आर.पी.एस. सिबिया, एम्स मोहाली के निदेशक-प्रिंसिपल डॉ. नवदीप सैनी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विशाल चोपड़ा, डॉ. किरण, डॉ. राजा परमजीत सिंह, डॉ. दीदार सिंह वालिया, डॉ. विनोद डंगवाल तथा अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments