कुरुक्षेत्र, 12 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए द्वारा नवरात्रों के अवसर पर मां भद्रकाली मंदिर कुरुक्षेत्र में विधिक जागरूकता हेल्प डेस्क स्थापित किया गया।
हेल्प डेस्क के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुरुक्षेत्र के पैरा लीगल वालंटियर तनुज कुमार ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को नालसा एवं हालसा की विभिन्न योजनाओं, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में जागरूक किया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस दौरान श्रद्धालुओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं से संबंधित पम्पलेट एवं पुस्तिकाएं वितरित की गईं, ताकि अधिक से अधिक लोग विधिक सेवाओं एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।






