कुरुक्षेत्र, 12 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरुक्षेत्र जिले में विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत ब्लॉक थानेसर की जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में एक भव्य मेगा कैंप आयोजित किया गया, जिसका पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ मुख्य अतिथि जाट धर्मशाला प्रधान कृष्ण श्योकंद ने किया। इस मेगा कैंप में कुल 109 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां दी गईं, जिनमें आयुर्वेदिक ओपीडी के 47 तथा होम्योपैथिक ओपीडी के 62 मरीज लाभान्वित हुए।
चिकित्सा शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेनका गोयल, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट अभिमन्यु तथा होम्योपैथिक फार्मासिस्ट सरोज बाला ने मरीजों को चिकित्सीय सेवाएं दीं और आरोग्य बनाए रखने हेतु आयुर्वेद के दिनचर्या व ऋतुचर्या सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी। आयुष योग सहायक बाला देवी एवं भीम सिंह द्वारा योग व प्राणायाम सत्र का संचालन किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थोल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभजोत कौर द्वारा 55 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं और 60 लोगों को योग सत्र के माध्यम से जागरूक किया गया। भद्रकाली मंदिर में भी श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा हेतु प्रतिदिन नियमित आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर निरंतर चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ मंजू शर्मा ने कहा आयुष विभाग का उद्देश्य प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों से हर नागरिक को स्वस्थ एवं निरोग बनाना है। जाट धर्मशाला का मेगा कैंप, पीएचसी थोल तथा भद्रकाली मंदिर के नियमित शिविरों के माध्यम से जन-जन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही है। नियमित योग, संतुलित आहार और आयुर्वेद को दिनचर्या में अपनाकर ही हम एक समृद्ध व स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते है।






