Monday, October 12, 2026
HomePatialaविधायक गुरलाल सिंह घनौर और खेल विभाग ने एशियाई खेलों में दो...

विधायक गुरलाल सिंह घनौर और खेल विभाग ने एशियाई खेलों में दो कांस्य पदक जीतने वाली निशानेबाज परीनाज धालीवाल को किया सम्मानित

पटियाला, 12 अक्टूबर 2026 (हर्षलीन सिंह): जापान में पिछले महीने आयोजित एशियाई खेलों में दो कांस्य पदक जीतने वाली पंजाब की शॉटगन निशानेबाज परीनाज कौर धालीवाल को आज खेल विभाग और विधायक गुरलाल सिंह घनौर द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल, परीनाज के पिता रतनदीप सिंह धालीवाल सहित अन्य खिलाड़ी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निशानेबाजी में शानदार उपलब्धि हासिल करने वाली परीनाज धालीवाल को सम्मानित करते हुए विधायक गुरलाल सिंह घनौर ने कहा कि पटियाला की बेटी ने पंजाब के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परीनाज भविष्य में ओलंपिक खेलों में भी पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएगी।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्ष 2011 से लंबित महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार, इनाम, पदक तथा खिलाड़ियों की नियुक्तियों और पदोन्नतियों से संबंधित मामलों का निपटारा किया गया है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 24 खिलाड़ियों को डीएसपी नियुक्त करने के साथ-साथ अन्य राजपत्रित पदों पर भी भर्तियां की हैं। इसके अलावा, खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है और ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के माध्यम से राज्य में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर परीनाज धालीवाल ने एशियाई खेलों की तैयारी के लिए वर्ष 2023 में पंजाब सरकार द्वारा दी गई 8 लाख रुपये की सहायता के अलावा, विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप की तैयारी के लिए 5-5 लाख रुपये तथा जापान में आयोजित एशियाई खेलों के लिए 8 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने स्कीट महिला टीम और स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते हैं। वह व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर चुकी थीं। उन्होंने कहा कि निशानेबाजी एक महंगा खेल है और इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पंजाब सरकार द्वारा दी गई वित्तीय सहायता उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है।
परीनाज ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित करें, ताकि बच्चे अपनी प्रतिभा को निखारकर खेल के क्षेत्र में भी सफलता हासिल कर सकें।
इस अवसर पर बिजली निगम के खेल अधिकारी अमरिंदर सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रणधीर सिंह, बास्केटबॉल कोच कवलदीप सिंह और वॉलीबॉल कोच परमिंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments