मुंबई और जामनगर का करेंगे दौरा; व्यापार, निवेश और तेल क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर होगी चर्चा
वॉशिंगटन, 14 अक्टूबर, 2026 (शहीद-ए-आजम ब्यूरो): भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक संबंधों, ऊर्जा सहयोग तथा व्यापारिक निवेश को और मजबूत करने के उद्देश्य से अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक विदेश दौरे पर रहेंगे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, वह उज्बेकिस्तान के समरकंद के बाद भारत के मुंबई और जामनगर का दौरा करेंगे। इस दौरान रुबियो भारतीय अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे। मई के बाद यह उनकी दूसरी भारत यात्रा होगी।
जामनगर का दौरा विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां रिलायंस इंडस्ट्रीज की विशाल तेल रिफाइनरी स्थित है। इस यात्रा के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में व्यापारिक अवसरों और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते तथा आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने को लेकर बातचीत जारी है। हालांकि, इस यात्रा के दौरान किसी व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अपने दौरे के पहले चरण में रुबियो समरकंद में ‘सी5+1’ मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे। इस मंच के माध्यम से अमेरिका और मध्य एशिया के पांच देशों—उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और किर्गिज गणराज्य—के बीच रणनीतिक एवं आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।






