लाडवा 16 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों की सुविधा के लिए 27 गांवों में आधुनिक सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करवाया जाएगा। इसी कड़ी में आज 4 सामुदायिक केंद्रों का शिलान्यास किया गया है। अब ग्रामीणों को अपने कार्यक्रमों के लिए शहर में महंगे पैलेस बुक करने की जरूरत नहीं होगी।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने शुक्रवार को गांव कनीपला, गांव बिहोली, बीड़ खैरी और दबखेड़ा में विधिवत भूमि पूजन कर सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि गांव कनीपला, बिहोली, बीड़ खैरी और दबखेड़ा में 65-65 लाख रुपए की राशि की लागत से अत्याधुनिक सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे। ये सामुदायिक केंद्र गांव में मिनी पैलेस का काम करेंगे। इनमें शादी-समारोह, सामाजिक बैठकें, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित सभी प्रकार के आयोजन हो सकेंगे।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में गांवों के विकास को शहरों की तर्ज पर करवाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को अपने छोटे-बड़े कार्यक्रमों के लिए शहरों की तरफ न जाना पड़े। गांव में ही उन्हें सभी सुविधाएं मिलें।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि केवल सामुदायिक केंद्र ही नहीं, बल्कि इन गांवों में समग्र विकास के लिए करोड़ों रुपए की ग्रांट मंजूर की गई है। गांव कनीपला में 1 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि के विकास कार्यों के लिए ग्रांट मंजूर हो चुकी है। इससे गांव की गलियों, नालियों, फिरनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव बिहोली में 1 करोड़ 53 लाख रुपए से विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें से कई काम शुरू हो चुके हैं और कुछ काम जल्द शुरू होने वाले हैं। इसमें तालाब पर पार्क निर्माण का कार्य भी शामिल है। गांव बीड़ खैरी में 1 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से विकास कार्य प्रगति पर हैं। गांव दबखेड़ा में 1 करोड़ 18 लाख रुपए से गांव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हर गांव में समान रूप से विकास करवाया जा रहा है।
डीबीटी से सीधा लाभ, भ्रष्टाचार पर लगाम
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पारदर्शी शासन दिया जा रहा है। आज लाडो लक्ष्मी योजना व अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों के माध्यम से मिल रहा है। यदि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 100 रुपए भेजते हैं तो पूरे 100 रुपए ही लाभार्थी के खाते में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जबकि पहले की सरकारों में ऊपर से 100 रुपए भेजे जाते थे और धरातल पर केवल 20 रुपए ही पहुंचते थे, बाकी बीच में ही गायब हो जाते थे। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म कर सीधा लाभ जनता तक पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग खुशहाल
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अंत्योदय की भावना से काम कर रहे हैं। किसान, मजदूर, महिला, युवा, व्यापारी सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। बिना पर्ची-बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाडो लक्ष्मी जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा बनाई जा रही इन सुविधाओं का सदुपयोग करें और उनकी देखभाल करें। विकास में जनभागीदारी सबसे जरूरी है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, प्रधान जितेंद्र खैरा, सरपंच कनीपला गगनप्रीत कौर, सरपंच बिहोली आशा रानी, सरपंच बीड़ खैरी मुकेश देवी, सरपंच दबखेड़ा जसविंदर कौर, गुरुदत्त शर्मा, देशराज, परमजीत कश्यप सहित चारों गांवों के पंच, सरपंच और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






