टोहाना, 16 अक्तूबर 2026 (संजीव शर्मा): नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वीरवार को आयोजित उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में एसडीएम आकाश शर्मा ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसेवा प्रशासन का मूल उद्देश्य है और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में जिला एवं उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक मामले का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी संशोधन, नए सदस्यों के पंजीकरण, राशन कार्ड, बिजली विभाग और पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का निराकरण किया जाता है।
एसडीएम आकाश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन या जनशिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनमें जनता की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाती है।






