फतेहाबाद, 16 अक्तूबर 2026 (संजीव शर्मा): शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सैकेंड़री स्कूल, ढिंगसरा में आज कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के बारे में शिक्षकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय प्रबंधन द्वारा पीटीएम के आयोजन में एक नई पहल करते हुए इसे एक ही दिन आयोजित करने के बजाय चार चरणों में विभाजित किया गया। इसके अंतर्गत पहले चरण में नर्सरी से दूसरी कक्षा तक, दूसरे चरण में तीसरी से पांचवीं कक्षा तक, तीसरे चरण में छठी से आठवीं कक्षा तक तथा चौथे एवं अंतिम चरण में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित की गई। आज आयोजित पीटीएम के साथ ही चार चरणों में संपन्न होने वाली इस प्रक्रिया का समापन हुआ। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक अभिभावक को पर्याप्त समय देना तथा उनके साथ व्यक्तिगत रूप से संवाद स्थापित करना रहा।

उन्होंने बताया कि एक ही दिन सभी कक्षाओं की पीटीएम आयोजित होने पर अभिभावकों की अधिक संख्या के कारण प्रत्येक अभिभावक से विस्तारपूर्वक चर्चा करना संभव नहीं हो पाता। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए चार चरणों में पीटीएम आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि प्रत्येक अभिभावक को पर्याप्त समय मिल सके और बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों, पढ़ाई में आ रही समस्याओं तथा सुधार की संभावनाओं पर खुलकर चर्चा की जा सके।
उन्होंने कहा कि पीटीएम केवल बच्चों के परीक्षा परिणाम जानने का माध्यम नहीं, बल्कि उनकी प्रगति को बेहतर बनाने के लिए शिक्षक और अभिभावक के बीच साझेदारी का महत्वपूर्ण मंच है। इस पहल से अभिभावकों को शिक्षकों के साथ व्यक्तिगत रूप से संवाद करने तथा बच्चों की शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त करने का अवसर मिला। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आपसी समन्वय और निरंतर प्रयासों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाया जा सकेगा।






