गुरुग्राम, 08 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेक्टर-88बी स्थित वाटिका एक्सप्रेशन सोसायटी में शनिवार रात पथराव की घटना से निवासियों में दहशत फैल गई। मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे सोसायटी की दीवार और रास्ते को लेकर बिल्डर के साथ चल रहे विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, सोसायटी से सटी जमीन फोर एस बिल्डर की है, जहां निर्माण कार्य प्रस्तावित है। आरोप है कि जमीन तक पहुंचने का रास्ता नहीं होने के कारण बिल्डर ने सोसायटी की साथ लगती दीवार गिराकर रास्ता बना लिया और दीवार का कुछ हिस्सा अपनी जमीन में शामिल कर लिया। इसी विवाद के बाद शनिवार रात सोसायटी में पथराव हुआ।
घटना के बाद निवासियों ने सामूहिक रूप से सेक्टर-93 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान नूंह के कोटा गांव निवासी मनोज, सेक्टर-9ए निवासी डोनाल्ड राज, कादरपुर निवासी प्रवीण, संजीव और सतीश के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।







