अंबाला में भव्य श्रीराम मंदिर का होगा निर्माण, अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर की तर्ज पर बनेगा मंदिर; मुख्यमंत्री ने निर्माण के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की
अंबाला, 22 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां अंबा की इस पवित्र धरती पर आस्था का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। यहां बनने वाला मंदिर कोई सामान्य मंदिर नहीं होगा, बल्कि इसका निर्माण अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद अंबाला आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को यहां अयोध्या की झलक और रामलला के दर्शन जैसी अनुभूति होगी।
मुख्यमंत्री शनिवार को अंबाला शहर स्थित भगवान श्रीराम मंदिर परिसर में भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में पहुंचे थे। इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य श्री अवधेशानंद जी महाराज की उपस्थिति में मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूजनीय आचार्य श्री अवधेशानंद जी महाराज के आशीर्वाद से इस कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई है। किसी का धन, किसी की मेहनत और किसी की निस्वार्थ सेवा, जब ये तीनों एक साथ मिलते हैं, तभी ऐसे पुण्य कार्य साकार होते हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने अपनी आंखों के सामने रामलला के मंदिर का निर्माण होते देखा है। कितने ही राम भक्तों ने इसके लिए संघर्ष किया और कितनों ने अपना जीवन इस संकल्प को समर्पित कर दिया। आज मैं उन सभी की तपस्या, त्याग और बलिदान को नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि रामलला के मंदिर निर्माण के दौरान घर-घर दीप जले, गांव-गांव में भजन गूंजे और जन-जन राममय हो गया। पिछले वर्ष 25 नवंबर को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराया, तो पूरे विश्व ने देखा कि भारत की आस्था कितनी अटूट है। प्रभु श्रीराम केवल अयोध्या तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे कण-कण और हर भक्त के हृदय में विराजमान हैं। अयोध्या के भव्य मंदिर से मिली इसी प्रेरणा के साथ आज अंबाला में इस मंदिर का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रभु श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ऐसे कार्य करके दिखाए हैं, जिनकी पहले किसी सरकार ने कल्पना भी नहीं की थी। किसने सोचा था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनेगा, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटेगी, तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति मिलेगी और नक्सलवाद को जड़ से समाप्त किया जाएगा। ये सभी कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो सपना देखा है, उसे साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा भूमि उपलब्ध करवाने की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि मंदिर निर्माण का कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो। उन्होंने कहा कि अंबाला में बनने वाला यह भव्य मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कार और सेवा का केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य श्री अवधेशानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सौम्य और सभ्य व्यक्तित्व के धनी, सिद्ध पुरुष तथा कर्मशील व्यक्ति हैं, जो अपने लक्ष्य के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहते हैं। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को भव्य राम मंदिर के शिलान्यास की बधाई दी।
इस अवसर पर दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक पवन जिंदल ने भी कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल, ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, मेयर अक्षिता सैनी, हरियाणा एससी-एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया सहित संस्था के गणमान्य व्यक्ति और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।







