Wednesday, November 25, 2026
HomeHaryanaदिव्य नगर योजना के तहत पानीपत में आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और...

दिव्य नगर योजना के तहत पानीपत में आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस लगाने के लिए 4097.75 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सी.सी.एम.एस. से शहर की सड़कों, चौकों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था होगी अधिक प्रभावी, नागरिकों और विद्यार्थियों की आवाजाही होगी सुरक्षित तथा रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती: महीपाल ढांडा

पानीपत, 25 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि राज्य सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में दिव्य नगर योजना के तहत पानीपत नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों पर स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस (सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) लगाने के लिए 4097.75 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है। इसके साथ ही योजना के तहत 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी स्वीकृति दी गई है। यह महत्वपूर्ण मंजूरी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सहमति से जारी की गई है। इसके लिए शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत नगर निगम कार्यालय की ओर से इस विकास परियोजना का प्रस्ताव और अनुमान प्रस्तुत किया गया था। आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीएमएस लगने से शहर की सड़कों, चौकों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था अधिक प्रभावी और ऊर्जा-कुशल बनेगी। इससे नागरिकों और विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी तथा रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना की कुल स्वीकृत राशि 4097.75 लाख रुपये में से 50 प्रतिशत यानी 2048.87 लाख रुपये दिव्य नगर योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार पानीपत नगर निगम अपने स्वयं के फंड से खर्च करेगा। नगर निगम राज्य के हिस्से की राशि प्राप्त होने से पहले योजना के तहत अपने हिस्से की राशि का उपयोग करेगा। वहीं, राज्य का हिस्सा केवल वास्तव में किए गए कार्य के आधार पर, निर्धारित प्रक्रिया के तहत और मांग किए जाने पर ही जारी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्य को उच्च गुणवत्ता और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए स्पष्ट शर्तें निर्धारित की गई हैं। नगर निगम आयुक्त यह सुनिश्चित करेंगे कि यह कार्य केवल नगर निगम के अधिकृत और स्वीकृत क्षेत्र में ही किया जाए।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य को बिजली अधिनियम, 2003, लागू सीईए सुरक्षा नियमों, भारत की राष्ट्रीय विद्युत संहिता और संबंधित बीआईएस मानकों के प्रावधानों के अनुसार पूरा किया जाएगा। इनमें एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम की स्थापना, अर्थिंग, सुरक्षा और संचालन से जुड़े मानक भी शामिल हैं।

मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से पानीपत शहर की शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा और आम लोगों को बेहतर, सुरक्षित तथा आधुनिक नागरिक सेवाएं मिल सकेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments