Thursday, November 26, 2026
HomePunjabअतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमनदीप बांसल ने संगरूर में ई.वी.एम. और वी.वी.पैट....

अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमनदीप बांसल ने संगरूर में ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग का किया निरीक्षण

संगरूर, 26 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब, अमनदीप बांसल, आईएएस, ने आज संगरूर पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की चल रही फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का निरीक्षण किया।

जिला प्रशासनिक परिसर, संगरूर की पार्किंग में स्थित ईवीएम वेयरहाउस के दौरे के दौरान अमनदीप बांसल ने वहां मौजूद 2690 बैलेट यूनिटों (बीयू), 1539 कंट्रोल यूनिटों (सीयू) और 1737 वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने मशीनों की तकनीकी जांच, स्कैनिंग, रिकॉर्ड के रखरखाव, सुरक्षा प्रबंधों और चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित मानकों के पालन के संबंध में अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जांच प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ बातचीत करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक चरण को पूरी सावधानी, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से किए गए समुचित प्रबंधों पर संतुष्टि जताई।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अंकुर महिंदरू, पीसीएस, ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुसार जिला संगरूर से संबंधित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग 12 नवंबर, 2026 से लगातार की जा रही है। यह कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित प्रक्रिया और कड़ी निगरानी के तहत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान प्रत्येक मशीन की कार्यक्षमता, तकनीकी स्थिति और विश्वसनीयता की गहनता से जांच की जा रही है। इसके अलावा मशीनों की स्कैनिंग और अन्य आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं भी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार बेंगलुरु स्थित भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के इंजीनियरों की ओर से पूरी की जा रही हैं, ताकि विधानसभा चुनावों के दौरान इन मशीनों का सुचारू और निर्बाध उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

अंकुर महिंदरू ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से फर्स्ट लेवल चेकिंग की पूरी प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव-2027 के दौरान वोटिंग मशीनों की विश्वसनीयता के साथ-साथ चुनावी प्रबंधों की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर विभिन्न अधिकारी, अलग-अलग मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि और चुनाव कार्यालय का अन्य स्टाफ भी उपस्थित था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments