मोगा, 08 मई 2026 : मोगा जिले के बाघा पुराना क्षेत्र के गांव लंडे में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव सरकारी स्कूल परिसर में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह (32) निवासी गांव लंडे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मनप्रीत सिंह मजदूरी का काम करता था और बुधवार शाम घर से गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे परिवार को सूचना मिली कि स्कूल के अंदर एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने मनप्रीत सिंह का शव पेड़ से लटका देखा। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में डर और दहशत का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।






