चंबा (हिमाचल प्रदेश), 11 मई 2026: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भटियात क्षेत्र के ककीरा के पास उस समय हुआ जब गुजरात से आए पर्यटकों की एक इनोवा क्रिस्टा गहरी खाई में जा गिरी।
अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे लाहरू-तुनुहट्टी मार्ग पर ककीरा के नजदीक हुई। बताया जा रहा है कि भारी बारिश और फिसलन भरी सड़क के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। पर्यटक मनाली से डलहौजी की ओर जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक वाहन में चालक सहित कुल 10 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान
ललितभाई पटनानी, निवासी भावनगर, गुजरात
ममताबेन ललितभाई पटनानी, निवासी भावनगर, गुजरात
काजल, पत्नी प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी
दियांश, पुत्र प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी
प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी
जसवंत कुमार (51), निवासी जोगिंदरनगर, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश
घायल व्यक्तियों की पहचान
मयंक ललितभाई पटनानी (31)
फोरमबेन मयंक पटनानी (31)
जियांश मयंक ललितभाई पटनानी (3)
प्रियंशी भोपानी (3)
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए थे। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।