Tuesday, November 24, 2026
HomeNationalबिसलेरी के गोवा प्लांट के पानी के एक बैच में मिले हानिकारक...

बिसलेरी के गोवा प्लांट के पानी के एक बैच में मिले हानिकारक तत्व, FSSAI ने बिक्री पर लगाई रोक

FSSAI Bans Sale of Bisleri Goa Plant’s Batch GO 270 After PAH Contamination Found in Water Sample

नई दिल्ली, 24 नवंबर, 2026 (हरप्रीत कौर): भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल के एक नमूने को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। प्राधिकरण ने बताया कि कंपनी के गोवा स्थित प्लांट के केवल एक बैच का नमूना निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा। इस बैच का नंबर GO 270 है। FSSAI के अनुसार, यह नमूना दक्षिण गोवा के वर्ना इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से लिया गया था। पहली प्रयोगशाला जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा 0.012 मिलीग्राम प्रति लीटर पाई गई, जबकि इसकी निर्धारित अधिकतम सीमा 0.01 मिलीग्राम प्रति लीटर है। इसके अलावा पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी की भी जांच की गई।

कंपनी की ओर से पहली प्रयोगशाला की रिपोर्ट के खिलाफ अपील किए जाने के बाद नमूने की दोबारा जांच रेफरल लैबोरेटरी NFL, नवी मुंबई में करवाई गई। इस जांच में PAH की मात्रा 0.000144 मिलीग्राम प्रति लीटर (0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर) पाई गई, जबकि ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर रही। FSS नियम 2.4.6 के अनुसार, अपील की स्थिति में रेफरल लैबोरेटरी की रिपोर्ट को अंतिम माना जाता है। इसी रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने खाद्य सुरक्षा कानून की धारा 36(3) के तहत बैच नंबर GO 270 की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक नमूने और एक बैच तक सीमित है। गोवा प्लांट के अन्य बैचों के संबंध में ऐसी कोई गैर-मानक रिपोर्ट सामने नहीं आई है। इसके साथ ही कंपनी को खामी के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच (Root Cause Analysis) करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments