संगरूर, 03 जून 2026 : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा पंजाब राज्य में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 संबंधी अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इस संबंध में जारी निर्देशों की जानकारी देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार उपायुक्त कार्यालय, संगरूर में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों, सचिवों एवं प्रतिनिधियों के साथ सहायक आयुक्त (जनरल) की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 के संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसके अनुसार अब मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन (ड्राफ्ट पब्लिकेशन) 03 अगस्त 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां 03 अगस्त से 02 सितंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इनके निपटारे की प्रक्रिया 03 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक चलेगी तथा 01 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग के लिए 07 जून 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने बीएलए को इन विशेष शिविरों में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
पंजाब राज्य में 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे। यद्यपि सभी मतदाताओं के लिए एसआईआर के तहत फॉर्म भरना अनिवार्य है, लेकिन जिन मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी होगी, उनके लिए यह प्रक्रिया अधिक सरल होगी।
जिला संगरूर में इस कार्य के लिए कुल 1006 मतदान केंद्रों पर 1006 बीएलओ, 107 बीएलओ सुपरवाइजर, 05 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 10 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाना है। दोहरी मतदाता प्रविष्टि रखना भारतीय कानून के अनुसार दंडनीय अपराध है, जिसके लिए एक वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई मतदाता एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म नहीं भरता है, तो उसका नाम 03 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन कार्य में बीएलओ को पूरा सहयोग दें तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बीएलए नियुक्त करें।
इस अवसर पर सतगुर सिंह (बहुजन समाज पार्टी), सतपाल सिंह (भारतीय जनता पार्टी), नरेश कुमार (शिरोमणि अकाली दल), रोकी बंसल (इंडियन नेशनल कांग्रेस), गुरमेल सिंह (बहुजन समाज पार्टी), गुरनैब सिंह (शिरोमणि अकाली दल-अमृतसर), अवतार सिंह झनेड़ी (आम आदमी पार्टी), गुरचरण सिंह (आम आदमी पार्टी) सहित अन्य प्रतिनिधि तथा परमजीत कौर, चुनाव तहसीलदार उपस्थित थीं।