Thursday, August 27, 2026
HomePunjab13 जुलाई को पंजाब दौरे पर आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी, जालंधर...

13 जुलाई को पंजाब दौरे पर आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का कर सकते हैं उद्घाटन

दोआबा में बड़ी जनसभा की भी तैयारी, विधानसभा चुनाव अभियान की हो सकती है शुरुआत
नई दिल्ली/जालंधर, 4 जुलाई, 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई माह में पंजाब का दौरा कर सकते हैं। विश्वसनीय रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री 13 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करने के लिए पंजाब आ सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा केवल रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। जालंधर में एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की भी तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि इस रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान का आगाज कर सकते हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, तैयारियां शुरू
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की सूचना के बाद प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और पंजाब पुलिस सतर्क हो गई है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है तथा विभिन्न स्तरों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यदि यह दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होता है तो इसे पंजाब की राजनीति और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुआ है स्टेशन का आधुनिकीकरण
देशभर के रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए चलाई जा रही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का व्यापक कायाकल्प किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस संबंध में रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने प्रधानमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि करने से इनकार करते हुए कहा कि कार्यक्रम का अंतिम निर्णय और समय-सारिणी उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी।
फिलहाल प्रधानमंत्री कार्यालय या रेलवे मंत्रालय की ओर से प्रस्तावित दौरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments