फतेहगढ़ साहिब, 24 जुलाई,2026 (गुरप्रीत सिंह): पंजाब राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन जतिंदर मसीह गौरव 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे बचत भवन में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए चल रही सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी मुकल बावा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान अल्पसंख्यक वर्ग के लिए चल रही छात्रवृत्ति योजनाओं, रोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रमों, बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों और समुदाय से संबंधित प्रमुख मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के बाद चेयरमैन जतिंदर मसीह गौरव अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों और गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे उनकी समस्याएं, सुझाव और मांगें सुनेंगे।
जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को अपनी समस्या या शिकायत सीधे पंजाब राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन के समक्ष रखना है तो वह निर्धारित समय पर बैठक में पहुंचकर अपनी बात रख सकता है।






