25 जुलाई,2026 (राजेश कुमार): कैनेडा के हैमिल्टन शहर में पुलिस ने बड़े पैमाने पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ‘प्रोजेक्ट चेकआउट’ के तहत चलाए गए अभियान में पुलिस ने 32 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3 लाख कनाडाई डॉलर से अधिक कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
हैमिल्टन पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की उम्र 19 से 64 वर्ष के बीच है। इन सभी के खिलाफ कुल 235 आरोप दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा जारी जानकारी में कई पंजाबी नाम भी शामिल हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह गिरोह शहर के ‘होम डिपो’ स्टोर्स को निशाना बनाता था और महंगे औजारों तथा निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की चोरी करता था। बाद में चोरी किए गए सामान को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद इस मामले की जांच करीब चार महीने तक चली। जांच के दौरान गिरोह की गतिविधियों और चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिकअप ट्रक भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख डॉलर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, इस वाहन का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता था।
हैमिल्टन पुलिस का कहना है कि संगठित चोरी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मामले में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।






