पंजाब, 28 जुलाई, 2026 (दीपक दत्ता): पंजाब में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने पहली बार पंजाब और चंडीगढ़ के लिए बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में राज्य के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य असुरक्षित स्थानों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा जलभराव वाले इलाकों और निचले क्षेत्रों में जाने से भी बचने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पंजाब में बारिश का यह दौर 31 जुलाई तक जारी रह सकता है।
लगातार हो रही बारिश के कारण भाखड़ा और पोंग बांधों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले हफ्तों में बांधों का पानी खतरे के स्तर के करीब पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में बाढ़ नियंत्रण के लिए गेट खोलने पड़ सकते हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
इस बीच बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया है। हिमाचल प्रदेश में पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आठ महीने का बच्चा, दो महिलाएं और परिवार के दो अन्य सदस्य शामिल हैं। राहत टीमों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।






