Wednesday, August 26, 2026
HomeSportsमुरली श्रीशंकर ने रचा इतिहास, कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार दूसरा रजत पदक...

मुरली श्रीशंकर ने रचा इतिहास, कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार दूसरा रजत पदक जीता

स्पोर्ट्स डेस्क, 30 जुलाई,2026 (गुरप्रीत सिंह): भारतीय लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो कॉमनवेल्थ खेलों में पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय एथलीट बनने का गौरव हासिल किया।

श्रीशंकर ने 27 वर्षीय आयु में 8.09 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी रजत पदक जीता था। लंबे समय तक घुटने की चोट से जूझने के बाद उनकी यह वापसी बेहद खास मानी जा रही है।

उनके के लिए यह सफलता इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अप्रैल 2024 में उनके घुटने की गंभीर चोट के कारण सर्जरी हुई थी। चोट के चलते वह पेरिस ओलंपिक में भी हिस्सा नहीं ले सके थे और उनके करियर को लेकर सवाल उठने लगे थे। लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए आलोचकों को जवाब दिया।

इस उपलब्धि से पहले कॉमनवेल्थ गेम्स की लंबी कूद स्पर्धा में भारत के लिए केवल सुरेश बाबू (1978 पुरुष कांस्य), अंजू बॉबी जॉर्ज (2002 महिला कांस्य) और एम प्रजूषा (2010 महिला रजत) ही पदक जीत सके थे। श्रीशंकर ने अपनी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करके बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि वह अपने बर्मिंघम के रजत पदक को इस बार स्वर्ण में बदलना चाहते थे और अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

प्रतियोगिता में जमैका के पूर्व विश्व चैंपियन ताजे गेले ने 8.15 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेजबान स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी ने 8.08 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

श्रीशंकर ने मुकाबले की शुरुआत 8.03 मीटर की छलांग से की और दूसरी कोशिश में 8.09 मीटर का प्रदर्शन कर बढ़त बनाई। हालांकि बाद में जमैका के खिलाड़ी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया। उनकी तीसरी और चौथी कोशिश फाउल रही, जबकि पांचवीं कोशिश में उन्होंने 7.94 मीटर की छलांग लगाई।

इस सीजन में श्रीशंकर लगातार शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में 8 मीटर से अधिक की छलांग लगाई है। भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 8.38 मीटर की सीजन की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई थी। वहीं, भारत के दूसरे खिलाड़ी लोकेश सत्यनाथन 7.97 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments