भिवंडी, 31जुलाई,2026 (अमनदीप सरां): महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नारपोली इलाके के भंडारी कंपाउंड स्थित चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, दमकल विभाग और एन.डी.आर.एफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौघुले ने बताया कि कोहिनूर बिल्डिंग को नगर निगम पहले ही ‘सी-श्रेणी’ की जर्जर और अत्यंत खतरनाक इमारत घोषित कर चुका था। सुरक्षा कारणों से इमारत को पहले ही खाली करा दिया गया था।
हादसे के समय इमारत के निचले हिस्से में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब छह से सात मजदूर मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। राहत कार्य के दौरान एनडीआरएफ ने एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव अभियान पूरी तेजी से जारी है और मलबा हटाने के बाद ही फंसे लोगों की सही संख्या का पता चल सकेगा। हादसे के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।






