हरियाणा, 2 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक समय पर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी दिशा में महेंद्रगढ़ जिले को चार नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। नई एंबुलेंसों के शामिल होने के बाद जिले में सरकारी एंबुलेंसों की संख्या 26 से बढ़कर 30 हो गई है। इससे सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर चोट और प्रसव संबंधी आपात स्थितियों में मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
आरती सिंह राव ने बताया कि आपात स्थिति में शुरुआती एक घंटा यानी गोल्डन ऑवर बेहद महत्वपूर्ण होता है। नई एएलएस एंबुलेंसों में आई.सी.यू. जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, मल्टी-पैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जीवन रक्षक उपकरण शामिल हैं। प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ एंबुलेंस में ही मरीज के हृदय गति, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर समेत अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतों की निगरानी करेगा और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराएगा।
स्वास्थ्य मंत्री राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है। नए अस्पतालों का निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और एंबुलेंस नेटवर्क को मजबूत करने का काम तेजी से किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक आपात स्थिति में समय पर इलाज से वंचित न रहे। आने वाले समय में राज्य की आपात स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।






