कुरुक्षेत्र, 2 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र के गांव मंगोली जाटान में पौधरोपण अभियान-2026 के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और अधिकारियों ने मिलकर 200 पौधे लगाए और इनके संरक्षण का संकल्प लिया।
जिला परिषद एवं डीआरडीए के लेखा अधिकारी डॉ. सत्य भूषण ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान राजकीय विद्यालय, खेल स्टेडियम और शिव धाम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पौधों को केवल लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी जरूरी है।
डॉ. भूषण ने कहा कि पौधे स्वच्छ वायु, संतुलित जलवायु और जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। ग्राम पंचायत ने भविष्य में 200 और पौधे लगाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बाबैन सुशील कुमार मंगला, सरपंच नीलम रानी, एबीपीओ संदीप कुमार सहित पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
जिला परिषद एवं डीआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि हरित हरियाणा के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा वन विभाग के सहयोग से व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से चलाए जा रहे ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।






