Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaयुवा शक्ति से बनेगा नशा मुक्त और विकसित भारत: राज्यपाल घोष

युवा शक्ति से बनेगा नशा मुक्त और विकसित भारत: राज्यपाल घोष

कुरुक्षेत्र, 2 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि युवा शक्ति के संकल्प से ही भारत को नशा मुक्त एवं विकसित राष्ट्र का सपना पूरा हो सकता है। इस देश में एक-एक युवा को संकल्प लेकर भारत को सशक्त, समृद्धि और खुशहाली की तरफ लेकर जाना होगा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साथ 28 हजार जगहों से ऑनलाइन प्रणाली से जुड़े 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं को नशे से दूर रहने और वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दिया।
राज्यपाल प्रोफेसर घोष रविवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमदभगवद गीता सदन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय व माय भारत के तत्वाधान में आयोजित नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष, हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, मेरा युवा भारत हरियाणा के निदेशक आकर्ष दीक्षित, हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, कुलसचिव प्रोफेसर वीरेंद्र पाल ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित करके विधिवत रुप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन प्रणाली के साथ जुडक़र देश के 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र को विकसित भारत बनाने के सपने को साकार करने का संकल्प दिलाया। राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशामुक्त युवा भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ कर रहे है। इस अभियान के माध्यम से देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवा एकजुट होकर नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रहे हैं।

प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि हमारा देश हजारों वर्षों से अनेक चुनौतियों का सामना करता आया है। हमने विदेशी आक्रमण, युद्ध, आर्थिक संकट, कोरोना महामारी, मलेरिया, प्लेग जैसी अनेक कठिन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला किया है। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि भारत की जनता, विशेषकर हमारे युवा, नशे जैसी इस गंभीर सामाजिक बुराई को भी पराजित करने में सफल होंगे। हरियाणा के लोग नशे के इस अभिशाप के विरुद्ध भी अग्रणी भूमिका निभाएंगे और समाज को नशा मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। युवा आगे आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करेंगे और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में अपना सक्रिय योगदान देंगे। इस कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष विद्यार्थियों के बीच पहुंचे, उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया तथा उनके साथ स्मृति स्वरूप समूह फोटो भी खिंचवाया।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया यह अभियान युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विकसित भारत संकल्प अभियान केवल नशे के विरुद्ध जागरूकता का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जन आंदोलन है। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। हमारी लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति स्वस्थ, सक्षम, स्वावलंबी और समृद्ध भारत की सबसे बड़ी पूंजी तथा विकसित भारत की सबसे मजबूत आधारशिला है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments