धूरी, 5 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा लोगों को पारदर्शी और जन-केंद्रित प्रशासन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गांव धूरी के बेनड़ा दरवाजा में ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया। इस अवसर पर पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोगों को संबोधित करते हुए ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का स्पष्ट निर्देश है कि सरकार की प्रत्येक नीति का केंद्र आम जनता का कल्याण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सरकार के प्रतिनिधि गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि धूरी मुख्यमंत्री का अपना विधानसभा क्षेत्र है और यहां विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के साथ-साथ गांवों में तेजी से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। ग्रामीण विकास के लिए पहले ही करोड़ों रुपये की ग्रांट जारी की जा चुकी है और लोगों की नई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि गलियों-नालियों, सड़कों, धर्मशालाओं, सामुदायिक भवनों, शेडों, खेल मैदानों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक जायज मांग का समयबद्ध समाधान हो और सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना, शून्य बिजली बिल, आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं, खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने और खेल ढांचे को मजबूत करने जैसी पहल शामिल हैं। चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सरकार बनने से पहले जनता से वादा किया था कि सरकार उनके घर-द्वार तक पहुंचेगी। ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम इसी सोच का परिणाम हैं, जहां लोगों की समस्याएं सीधे सुनकर उनका समाधान किया जा रहा है।
इस अवसर पर वक्फ बोर्ड सदस्य डॉ. अनवर भसौड़, जिला परिषद चेयरमैन रछपाल सिंह भुल्लर, वरिष्ठ नेता सतिंदर सिंह चट्ठा, जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कांझला, एम.सी. पुष्पिंदर शर्मा, डायरेक्टर इंडस्ट्री अनिल मित्तल, गगन जवंधा, गांव धूरी के सरपंच रमणदीप सिंह, घनौरी कलां के सरपंच अमृतपाल सिंह, सोनी मंडेर, पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







