7 अगस्त,2026 (जतिंदर गर्ग): अमेरिका में रोजी-रोटी कमाने गए पंजाब के पटियाला जिले के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नजदीकी गांव अताला निवासी खुशकरणदीप सिंह (24) के रूप में हुई है। घटना के बाद उसका शव कई दिनों तक नहीं मिल सका, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक, खुशकरणदीप सिंह करीब पांच साल पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर अमेरिका गया था। वह कैलिफोर्निया में ट्रक चलाकर अपना गुजारा कर रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह अपनी कार से कहीं जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं।
परिवार को इस घटना का पता तब चला जब 30 जुलाई से उसका फोन बंद आने लगा। इसके बाद अमेरिका में रह रहे रिश्तेदारों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस को जंगल इलाके से उसका शव मिला।
फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शुरुआती जांच में लूटपाट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।
युवक की मौत की खबर से पंजाब स्थित उसके गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिवार और ग्रामीणों ने आरोपी जल्द पकड़े जाने की मांग की है।






