फतेहगढ़ साहिब, 13 अगस्त,2026 (जगदेव रंचनां): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल स्टेडियम माधोपुर सरहिंद में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पंजाब विधानसभा के स्पीकर श्री कुलतार सिंह संधवां मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा करेंगे।यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने आज स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए खेल स्टेडियम माधोपुर सरहिंद में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल का जायजा लेने के बाद साझा की।

इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण करने के बाद मार्च पास्ट से सलामी ली।इस अवसर पर पंजाब पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स और बैंड दलों ने परेड में हिस्सा लिया। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर ने समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं लगन से निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमरबीर कौर भुल्लर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) सुरिंदर सिंह धालीवाल, एसडीएम फतेहगढ़ साहिब करुणा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






