लाडवा, 16 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के लिए प्रदेश में विकास का अर्थ केवल आर्थिक वृद्धि नहीं है। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ प्रदेश के गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। हमारी बेटियां और महिलाएं भी हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी रविवार को तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह चौक पर पत्रकारों को संबोधित कर रही थी। इससे पहले उन्होंने शिवाला रामकुंडी से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना भी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा रामकुंडी से शुरू होकर अग्रसेन चौक, लाडवा मेन बाजार, भगवान शिव शंकर चौक से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक पर पहुंची। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने शहीद भगत सिंह को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इन सेनानियों के त्याग और बलिदान से नागरिकों को आजादी मिली है। हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। सरकार द्वारा लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है। गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जा रहा है।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज हमारे सामने एक बड़ी चुनौती नशे की भी है। नशा हमारी युवा शक्ति, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के माध्यम से देशभर में 28,000 से अधिक स्थानों पर करोड़ों की संख्या में युवाओं ने नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों का रहा महत्वपूर्ण योदान
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कास्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाडिय़ों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव और बढ़ाया है। मैं सभी खिलाडिय़ों, उनके प्रशिक्षकों और परिवारों को उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई देती हूं। इन खिलाडिय़ों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोओर्डिनेटर तुषार सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, प्रधान जितेंद्र खैरा, परमजीत कश्यप, पूनम सैनी, मोनिका बंसल, सतबीर मंगोली, सन्नी कालडा, अनिल माटा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






