कुरुक्षेत्र, 10 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): 48 कोस तीर्थ निगरानी समिति के चेयरमैन रविंद्र सांगवान ने कहा कि जादू के शो केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी रचनात्मकता, जिज्ञासा और कल्पना शक्ति को बढ़ावा देने का भी प्रभावी माध्यम है। इस प्रकार के कार्यक्रम लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ-साथ उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। पढ़ाई और दैनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच स्वस्थ मनोरंजन मानसिक रूप से नई ऊर्जा प्रदान करता है तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होता है।
उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर तक जादू का शो चलेगा। रोजाना दोपहर 1 बजे और सायं 7 बजे शो आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अमृतकाल जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे विश्वविख्यात सम्राट शंकर के जादू शो के कार्यक्रम का शुभारंभ करने उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ मनोरंजन का जीवन में विशेष महत्व है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पड़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों में भागीदारी भी आवश्यक है। जादू के विभिन्न करतब बच्चों और युवाओं में जिज्ञासा पैदा करते हैं तथा उन्हें चीजों को नए दृष्टिकोण से देखने और समझने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में विभिन्न जागरूकता अभियानों का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी लोगों से सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। लगाए गए पौधों की देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।

जादुई करतबों के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ दिया जागरूकता का संदेश
जादूगर सम्राट शंकर तथा जुनियर सम्राट शंकर ने अपने शानदार जादुई शो के माध्यम से दर्शकों को हैरत में डालने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी दिया। जादुई करतबों, रोमांचक प्रस्तुतियों और मनोरंजन से भरपूर इस शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शो के दौरान जादूगर सम्राट शंकर ने विभिन्न जादुई कलाओं का प्रदर्शन करते हुए लोगों को स्वस्थ मनोरंजन के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया।
जादुई शो में कलाकारों ने अपनी कला और हुनर का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए ऐसे-ऐसे करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर दर्शक आश्चर्यचकित रह गए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने शो का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। जादूगर सम्राट शंकर ने कहा कि जादू केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए लोगों में रचनात्मकता, जिज्ञासा और कल्पनाशक्ति को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं तथा नशे जैसी बुराइयों से स्वयं भी दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कला और मनोरंजन के माध्यम से दिए गए सामाजिक संदेश लोगों के मन पर गहरा प्रभाव डालते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।





