फरीदाबाद, 18 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): एक युवक की चाइनीज मांझे से गला कटने के बाद फरीदाबाद प्रशासन ने प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस और मुख्यमंत्री फ्लाइंग टीम ने पार्वतिया चौकी क्षेत्र में छापेमारी कर 10 बड़े बंडल बरामद किए और दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया।
टीम को सूचना मिली थी कि भड़ाना चौक और केडी पब्लिक स्कूल के आसपास प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। जांच के दौरान नागला रोड स्थित एक दुकान से चार और भड़ाना चौक की दूसरी दुकान से छह बड़े बंडल बरामद हुए।
बरामद मांझे के पैकेटों पर ‘केवल औद्योगिक उपयोग के लिए’ लिखा था। आरोप है कि इसके बावजूद दुकानदार इसे आम लोगों को बेचने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।






