Wednesday, August 26, 2026
HomePunjabकैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम हलके के विकास के लिए 4.28...

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम हलके के विकास के लिए 4.28 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की शुरुआत की

सुनाम, 25 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के हर गांव और शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने तथा लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार विकास कार्य करवा रही है। इसी कड़ी में पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज सुनाम विधानसभा क्षेत्र में करीब 4 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नींव पत्थर रखकर कार्यों की शुरुआत की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए लोगों की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में शिक्षा, पेयजल, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

कैबिनेट मंत्री ने गांव दुग्गां में 35 लाख रुपये की लागत से तैयार लाइब्रेरी गांववासियों और युवाओं को समर्पित की। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी युवाओं को किताबों से जोड़ने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाने और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा को सामाजिक प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार मानती है। शिक्षा और ज्ञान के प्रसार से ही युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ा जा सकता है तथा समाज से अज्ञानता का अंधेरा दूर किया जा सकता है।

इसी तरह नमोल और मिर्जापत्ती (नमोल) की पंचायतों के लिए करीब 3 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से दो वाटर वर्क्स परियोजनाओं के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाना है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक की मूलभूत जरूरत है और सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाटर वर्क्स की ये परियोजनाएं गांववासियों के लिए लंबे समय तक लाभदायक साबित होंगी और उन्हें स्वच्छ पानी की बेहतर सुविधा मिलेगी।

गांव बख्शीवाला में 34 लाख रुपये की लागत से तैयार नए खेल स्टेडियम को भी लोगों को समर्पित किया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांव स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि खेल मैदान और स्टेडियम युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा में लगाने में मददगार होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस स्टेडियम का लाभ बख्शीवाला और आसपास के गांवों के युवाओं को मिलेगा तथा यहां से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की मूलभूत जरूरतों, मांगों और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए विकास कार्यों की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास का लाभ केवल शहरों तक सीमित न रखते हुए गांवों तक पहुंचा रही है, ताकि हर वर्ग के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पंजाब के गांवों को आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस किया जा सके।

इस अवसर पर विभिन्न पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments