बस्सी पठाना/फतेहगढ़ साहिब, 26 अगस्त,2026 (गुरप्रीत सिंह): गांवों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए विधानसभा क्षेत्र बस्सी पठाना के गांव फिरोजपुर, मानपुर और लहौरी कलां में बनाए गए आधुनिक खेल मैदान लाभदायक साबित होंगे। इन विचारों का प्रकटावा विधानसभा क्षेत्र बस्सी पठाना के विधायक श्री रुपिंदर सिंह हैप्पी ने गांव मानपुर में आधुनिक खेल स्टेडियम का औपचारिक उद्घाटन करने के अवसर पर किया।
विधायक ने कहा कि गांवों में खेल मैदान बनने से युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का अवसर मिलेगा और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों में बड़ी संख्या में खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच और सुविधाओं की आवश्यकता है। ये खेल मैदान गांवों की छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही बच्चे और युवा ही नहीं, बल्कि हर आयु वर्ग के लोग इन खेल मैदानों का लाभ उठाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ सकेंगे।

विधायक हैप्पी ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, “मान सरकार पंजाब को नई पहचान दे रही है, जहां गांव-गांव आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल रहे हैं।”






