लुधियाना, 27 अगस्त,2026 (जगमेल सिंह ढिल्लो): पंजाब स्वास्थ्य विभाग के एन.एच.एम. कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर सांकेतिक ट्रैफिक जाम किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
एन.एच.एम. यूनियन के नेताओं के अनुसार कर्मचारी 13 अगस्त से हड़ताल पर हैं। सरकार और विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई न होने पर अब आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया गया है। इसी के तहत प्रदेशभर में सिविल सर्जन कार्यालयों के बाहर धरने दिए गए। लुधियाना में कर्मचारियों ने पुरानी कचहरी चौक पर भी प्रदर्शन किया और 27 अगस्त के बंद को समर्थन देने का ऐलान किया।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें करीब 10 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, जबकि उनसे नियमित कर्मचारियों के समान काम लिया जाता है। उन्होंने ‘समान काम, समान वेतन’ की मांग उठाई।
आम आदमी क्लीनिकों की सेवाएं प्रभावित
दूसरी ओर, आम आदमी क्लीनिक पंजाब के साझा फ्रंट के बैनर तले स्टाफ, फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं। लुधियाना में 131 क्लीनिकों में से 70 से अधिक केंद्रों पर मंगलवार को सेवाएं प्रभावित रहीं। इसके चलते कई मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा, जबकि कुछ केंद्रों पर सीमित सेवाएं जारी रहीं।
हड़ताली कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय में प्रदर्शन कर सहायक सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया को मांगपत्र सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि लिखित आदेश मिलने तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी।
वहीं, एन.एच.एम. कर्मचारियों का ‘कलम छोड़ो’ और ‘कंप्यूटर बंद’ आंदोलन, जो 13 अगस्त से चल रहा है, अब 2 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। विभागीय मंत्री के साथ प्रस्तावित वार्ता बार-बार टलने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।





