नई दिल्ली, 27 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): आगामी ए.एफ.सी. यू-20-20 एशियन कप क्वालीफायर के लिए भारत ने अपनी 23 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह क्वालीफाइंग मुकाबले 31 अगस्त से 6 सितंबर तक उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में खेले जाएंगे। मुख्य टूर्नामेंट अगले साल चीन में आयोजित होगा।
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (ए.आई.एफ.एफ.) के मुताबिक, पहले राष्ट्रीय कैंप के लिए चुने गए 30 खिलाड़ियों में से आठ खिलाड़ियों को तकनीकी और चोट संबंधी कारणों से टीम से रिलीज कर दिया गया है।
रिलीज किए गए खिलाड़ियों में शुहैद कोया थंगल पीएस, अर्शवीर सिंह, आशिक अधिकारी, दल्लालमुओन गांगटे, लेविस जांगमिनलुन, अगस्त्य भट्ट, निरूपम गौड़ा एच और योहान बेंजामिन शामिल हैं। वहीं दानियल मकाकमायुम को अंतिम टीम में शामिल किया गया है।
ए.आई.एफ.एफ. के अनुसार, जून में बेंगलुरु में ट्रायल शुरू होने के बाद 100 से अधिक खिलाड़ियों का आकलन किया गया। इसके बाद प्रदर्शन और टीम की जरूरतों के आधार पर 23 खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार की गई।
भारत अब ताशकंद में होने वाले क्वालीफायर में बेहतर प्रदर्शन कर अगले साल चीन में होने वाले ए.एफ.सी. यू-20-20 एशियन कप के लिए जगह बनाने की कोशिश करेगा।






