कुशीनगर, 27 अगस्त 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार से सटे इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कुशीनगर के कई गांवों में पानी भरने से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। हालांकि, रात के समय बाढ़ का पानी घरों में प्रवेश नहीं करने से ग्रामीणों ने कुछ राहत महसूस की।
शिवपुर, बसंतपुर और मरचहवा को जोड़ने वाली सड़कों पर पानी जमा होने के कारण छोटे वाहनों की आवाजाही रुक गई है। लोगों को आवागमन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से सामान और पशुओं को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर ले जाने की अपील की जा रही है। ग्रामीण रातभर पानी के स्तर पर नजर रखते रहे। फिलहाल जलस्तर स्थिर बताया जा रहा है।
नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश में एन.डी.आर.एफ. की 20 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें बिहार में 9 और उत्तर प्रदेश में 11 टीमें बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रही हैं। वहीं, गंडक नदी के जलस्तर को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।






