फतेहगढ़ साहिब, 28 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): जिले में युवाओं को उनके मतदान अधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी में मतदाता जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-उपायुक्त डॉ. सोना थिंद ने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकृत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार देश के प्रत्येक नागरिक को प्राप्त एक महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है और इसी अधिकार का प्रयोग करके लोग अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं।

उन्होंने बताया कि सेमिनार के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को मतदाता सूची के महत्व, मतदान के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही नए मतदाताओं को फॉर्म नंबर-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि योग्य नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करके भी अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
सेमिनार के दौरान जिला युवा अधिकारी कार्तिक सिंगला और स्वीप कमेटी के सदस्य खुशवंत सिंह ने बताया कि जो युवा 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे नए मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के योग्य हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के साथ-साथ मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गलती होने की स्थिति में समय पर उसमें सुधार भी करवाएं।






