चंडीगढ़, 29 अगस्त,2026 (अनिल कुमार भारती): उपराष्ट्रपति और पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के चांसलर सी.पी राधाकृष्णन 4 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर का दौरा करेंगे। चांसलर बनने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा।
इस दौरान वह एस.ए.आई.एफ/सी.आई.एल. की अपग्रेड की गई अत्याधुनिक रिसर्च सुविधाओं और पी.यू.टी.आई.आई.एफ. (पूर्व में बायो नेस्ट) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित करेंगे।
एस.ए.आई.एफ/सी.आई.एल. की नई सुविधाओं से लाइफ साइंस, केमिकल साइंस, फिजिकल साइंस और इंजीनियरिंग सहित कई क्षेत्रों में शोध को बढ़ावा मिलेगा। यहां हर साल 30 हजार से अधिक सैंपलों का विश्लेषण होता है और 7 हजार से ज्यादा यूजर्स इसकी सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं।
वहीं, पी.यू.टी.आई.आई.एफ. स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स के लिए प्री-इन्क्यूबेशन, इन्क्यूबेशन और पोस्ट-इन्क्यूबेशन की सुविधा उपलब्ध कराता है। अब तक इसके जरिए 85 से अधिक स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को सहयोग मिल चुका है।
कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी शामिल होने की उम्मीद है।






