सोनीपत, 29 अगस्त,2026 (जगदेव रंचना): हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र में शनिवार को यमुना नदी में नहाने गए दो सगे भाई तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। हादसे के बाद से दोनों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, सनपेड़ा गांव निवासी सत्यम (15) और शिवम (17) यमुना घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों अचानक नदी के तेज बहाव में फंस गए और पानी में डूब गए। उनके साथ गांव का एक अन्य किशोर भी मौजूद था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने भी पहुंचकर दोनों भाइयों की तलाश शुरू कर दी है। नदी में खोज अभियान लगातार जारी है।
हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजन दोनों भाइयों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।






