वॉशिंगटन, 29 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने केनैडा के साथ एक और विवाद खड़ा करते हुए लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने का आदेश जारी किया है। हालांकि, यह बदलाव फिलहाल केवल अमेरिकी संघीय सरकार के इस्तेमाल तक सीमित रहेगा। कनाडा और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं इसे ‘लेक ओंटारियो’ नाम से ही पुकार सकती हैं।
ट्रंप ने कहा कि नया नाम तत्काल प्रभाव से लागू होगा और वह काफी समय से इस बदलाव पर विचार कर रहे थे। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव पहले से बढ़ा हुआ है।
कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने साफ कर दिया कि उनका देश झील का नाम नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा कि इसका नाम दोनों देशों के अस्तित्व से भी पुराना है और कनाडाई लोग इसे लेक ओंटारियो ही कहते रहेंगे।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने भी ट्रंप के फैसले को मानने से इनकार किया है। लेक ओंटारियो उत्तरी अमेरिका की पांच महान झीलों में शामिल है और इसका करीब 52 फीसदी हिस्सा कनाडा में है।






