काठमांडू, 29 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी है। अब तक 2,465 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 163 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इस आपदा में 500 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 2,000 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल सेना और पुलिस समेत 11 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को बचाव अभियान में लगाया गया है। बचाए गए विदेशी नागरिकों में 113 भारतीय, 26 चीनी और 15 दक्षिण कोरियाई नागरिक शामिल हैं।
बाढ़ से रासुवा और मध्य नेपाल में सड़क, पुल, बस्तियों और जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान हुआ है। विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों से 191 श्रमिकों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
इस बीच, कई दिनों से बंद मुगलिंग-काठमांडू हाईवे को शनिवार को यातायात के लिए फिर खोल दिया गया। हालांकि, वाहनों को स्थिति को देखते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है।
आपदा राहत के लिए सरकार के राहत कोष में बड़ी मात्रा में दान भी पहुंच रहा है। सरकार ने राहत राशि जुटाने और सहायता कार्यों के समन्वय के लिए वित्त मंत्रालय को नोडल मंत्रालय बनाया है।






