रतिया, 29 अगस्त, 2026 (संजीव शर्मा): दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्थानीय सामुदायिक केंद्र में विशेष मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 80 से अधिक दिव्यांग और बुजुर्ग पहुंचे। शिविर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड मोहाली की टीम ने लाभार्थियों की जांच और मूल्यांकन किया। टीम में अमनदीप शर्मा, शुभम कुमार और मोहित कुमार समेत अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।
मूल्यांकन के आधार पर पात्र लाभार्थियों को बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, फोल्डिंग वॉकर और कमोड चेयर सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। कृत्रिम अंग की आवश्यकता वाले लोगों को भी जांच के आधार पर सुविधा प्रदान की जाएगी।
रेड क्रॉस के सचिव रवि हुड्डा ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए। सही सहायक उपकरण मिलने से जरूरतमंद लोग रोजमर्रा के कार्य अधिक आसानी से कर सकते हैं। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के सुरिंदर चुग्ग, जिला प्रशिक्षण अधिकारी दलवीर सिंह, लेखाकार राकेश कुमार, मनोज कुमार, दयानंद सिहाग, जनकराज और समाजसेवी हैप्पी सिंह सेठी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






