फतेहगढ़ साहिब, 31 अगस्त, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए अभियान “मिशन क्लीन पंजाब” के तहत नगर काउंसिल बस्सी पठाना द्वारा आज तीसरे दिन शहर में विशेष ‘कूड़ा सफाई अभियान’ चलाया गया। सफाई अभियान के तहत विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी, नगर काउंसिल अध्यक्ष राज कुमार पुरी और उपाध्यक्ष बिंदू ने बस्सी पठाना शहर के अंदर तथा नगर काउंसिल कार्यालय की सड़क तक चलाए गए सफाई अभियान का जायजा लिया।
इस अवसर पर विधायक हैप्पी ने कहा कि बस्सी पठाना शहर को कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए यह 10 दिवसीय अभियान 8 सितंबर तक निर्धारित रूट प्लान के अनुसार लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर को कूड़ा-मुक्त और प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए नगर काउंसिल दिन-रात प्रयासरत है। सरकारी प्रयासों के साथ-साथ जब आम नागरिक, सामाजिक संस्थाएं और जनप्रतिनिधि आगे आकर सहयोग करते हैं, तो कोई भी अभियान बड़ी सफलता में बदल जाता है।
विधायक ने शहरवासियों से अपील की कि वे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करके ही नगर काउंसिल की गाड़ियों में डालें और अपने आसपास के क्षेत्र को हमेशा साफ-सुथरा रखते हुए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ में अपना सक्रिय योगदान दें।






