हरियाणा, 01 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा वर्ष 2011-12 में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नांगल ड्रेन (पट्टी) से गांव अंबवाली, ब्लॉक प्रतापनगर तक सड़क निर्माण की मंजूरी दी जा चुकी है। हालांकि, अभी तक राजस्व रास्ता उपलब्ध नहीं हो पाया है, जिसके लिए प्रयास जारी हैं। रास्ता उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
श्री राणा ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण का कार्य 20 फरवरी 2014 को ठेकेदार को आवंटित किया गया था, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार रास्ता उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि अब राजस्व रास्ते की उपलब्धता को लेकर नए सिरे से रिपोर्ट ली जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






