दिड़बा, 1 सितंबर, 2026 (प्रभजोत सिंह):पंजाब के वित्त मंत्री एवं दिड़बा के विधायक एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी के तहत पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान गांव दयालगढ़ जेेजियां में करीब 3 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं।
उन्होंने आज गांव का दौरा करते हुए 1.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन, दो सड़कों और एक गली का उद्घाटन किया। इसके अलावा गांव में अन्य विकास कार्यों के लिए 35 लाख रुपये के चेक ग्राम पंचायत को सौंपे।
इस अवसर पर एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि गांव दयालगढ़ जेेजियां में करीब 3 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाना सरकार की गांवों के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सड़कों, पंचायत भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि गांववासियों को रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी बेहतर सुविधाएं अपने गांव में ही उपलब्ध हो सकें।

वित्त मंत्री ने कहा कि 1.44 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पंचायत भवन तथा निर्मित सड़कें और गली गांव के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों से आवागमन आसान होने के साथ-साथ गांववासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं, पंचायत भवन गांव के प्रशासनिक एवं सामुदायिक कार्यों के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि आज गांव के अन्य विकास कार्यों के लिए दिए गए 35 लाख रुपये के चेक लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा विकास फंड लोगों की प्राथमिकताओं और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
एडवोकेट चीमा ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन को आसान बनाना है और सरकार इसी सोच के साथ गांवों में बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के किसी भी गांव को विकास के मामले में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा और लोगों द्वारा सामने रखी जाने वाली जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब के गांवों में विकास की रफ्तार को और तेज किया जा रहा है तथा आने वाले समय में जरूरत के अनुसार नए विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे। उन्होंने गांववासियों को भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर ओ.एस.डी. तपिंदर सिंह सोही, मार्केट कमेटी दिड़बा की चेयरपर्सन जसबीर कौर शेरगिल, चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट संगरूर प्रीतम सिंह पीतू, सरपंच अमरजीत कौर शेरगिल जेेजी, लखविंदर सिंह जेेजी सहित ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे।






